रिपोर्ट दरवान सिह रावत
स्वच्छता अभियान, विचार गोष्ठी और विशेष समरसता भोज का हुआ आयोजन
संगलाकोटी (पौड़ी गढ़वाल), 02 अक्टूबर 2026।
जनता इंटर कॉलेज कमलपुर संगलाकोटी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में स्वच्छता अभियान, विचार गोष्ठी तथा विशेष समरसता भोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर, कक्षा-कक्षों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने पुष्प वाटिका की सफाई, कूड़ा प्रबंधन तथा प्लास्टिक कचरे के सुरक्षित निस्तारण में सक्रिय भागीदारी की।
प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के आदर्शों, स्वच्छता के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें गांधी जी और शास्त्री जी के विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर आयोजित विशेष समरसता भोज में विद्यालय के समस्त परिवार ने एक साथ भोजन ग्रहण कर सामाजिक समरसता, समानता और एकजुटता का संदेश दिया। भोज की व्यवस्था भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री एवं गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर के पूर्व महासचिव श्री शुभम रावत द्वारा अपने पूज्य स्वर्गीय दादाजी एवं पूर्व शिक्षक श्री गब्बर सिंह रावत की पुण्य स्मृति में की गई।
विद्यालय परिवार ने श्री शुभम रावत का आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वर्गीय दादाजी श्री गब्बर सिंह रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता, सामाजिक समरसता एवं महापुरुषों के आदर्शों के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।

Leave a comment