Home उत्तराखंड पौडी पौड़ी में पांच विभूतियों को मिला ललित मोहन कोठियाल स्मृति नागरिक सम्मान
पौडी

पौड़ी में पांच विभूतियों को मिला ललित मोहन कोठियाल स्मृति नागरिक सम्मान

रिपोर्ट जगमोहन डांगी

पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी में नागरिक कल्याण एवं जागरूक विकास समिति तथा उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में दिवंगत पत्रकार ललित मोहन कोठियाल की पुण्यतिथि पर ललित मोहन कोठियाल स्मृति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच विभूतियों को ललित मोहन कोठियाल स्मृति नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ ही बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

मंगलवार को नगर पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सतेंद्र सिंह नेगी, संस्थापक एवं निदेशक, लेख इंटरनेशनल स्कूल भीमताल ने किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल पौड़ी से शुरू हुई थी और पौड़ी से जुड़ी बचपन की यादों को उन्होंने कार्यक्रम में साझा किया। उन्होंने विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य स्वर्गीय इंद्र मोहन मुद्गिल को भी श्रद्धापूर्वक याद किया।

सतेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो व्यक्ति को सही, सटीक, वैज्ञानिक और नवाचारी सोच से जोड़कर एक बेहतर नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि समावेशी समाज की संकल्पना को सामूहिक जिम्मेदारी के साथ ही साकार किया जा सकता है। वरिष्ठ नागरिकों के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी शहर या गांव के निर्माण और विकास में वरिष्ठ नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, इसलिए उनका सम्मान किया जाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में पत्रकार जगमोहन डांगी एवं बाल साहित्यकार मनोहर चमोली ने स्वर्गीय ललित मोहन कोठियाल के पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सक्रियता अनुकरणीय रही। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।

पांच विभूतियों को मिला सम्मान

समारोह में स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कीर्ति सिंह रावत, खेल के क्षेत्र में राजेंद्र सिंह रावत, शिक्षा के क्षेत्र में वीरेंद्र काला, गढ़वाली साहित्य के क्षेत्र में गढ़कवि एवं व्यंग्यकार नरेंद्र कठैत तथा जनसरोकारों के क्षेत्र में केशर सिंह असवाल को ललित मोहन कोठियाल स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।

चार मेधावी छात्र भी सम्मानित

बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें जीआईसी पौड़ी नगर के एरोन मेसी, मैसमोर स्कूल पौड़ी के प्रियांशु, डीएवी इंटर कॉलेज पौड़ी के शाह फिरोज तथा जीजीआईसी पौड़ी की नंदिनी रावत शामिल रहे।

इससे पूर्व नागरिक कल्याण एवं जागरूक विकास समिति पौड़ी के एजेंसी चौक स्थित कार्यालय में पत्रकार स्वर्गीय ललित मोहन कोठियाल का स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान ललित मोहन कोठियाल स्मृति वन में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके अलावा जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित कर सेवा कार्य भी किया गया।

कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के महासचिव नरेश चंद्र नौडियाल ने किया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत, उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र बड़थ्वाल, कोषाध्यक्ष मकान सिंह रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष विनय शर्मा, सुरेश चंद्र बड़थ्वाल, अनीता रावत, कुसुम नेगी, प्रशांत नेगी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

नैनीडांडा/लैंसडाउन: उक्रांद के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मनवर सिंह रावत का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

रिपोर्ट महिपाल रावत नैनीडांडा/लैंसडाउन। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के वरिष्ठ नेता एवं...

जनता इंटर कॉलेज कमलपुर संगलाकोटी के खिलाड़ियों ने शीतकालीन खेलकूद प्रतियोगिता में लहराया परचम!

रिपोर्ट दरवान सिंह रावत संगलाकोटी। विकासखंड एकेश्वर की शीतकालीन खेलकूद प्रतियोगिता में...

जनता इंटर कॉलेज कमलपुर संगलाकोटी में धूमधाम से मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती

रिपोर्ट दरवान सिह रावत स्वच्छता अभियान, विचार गोष्ठी और विशेष समरसता भोज...

सेवा संकल्प अभियान के तहत जनता इंटर कॉलेज कमलपुर संगलाकोटी में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

संगलाकोटी। जनता इंटर कॉलेज कमलपुर संगलाकोटी में सोमवार, 28 सितंबर 2026 को...