आंखों की देखभाल को लेकर वरिष्ठ नागरिकों को किया जागरूक
गाजियाबाद। बढ़ती उम्र के साथ आंखों की नियमित जांच और उचित देखभाल बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से सेंटर फॉर साइट, इंदिरापुरम शाखा की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘आंखों की सामान्य देखभाल एवं जागरूकता’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम एवं व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया।
इंदिरापुरम के शक्ति खंड-2 स्थित इरोज मार्केट प्लेस में आयोजित कार्यक्रम में सेंटर फॉर साइट की वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. शालिनी गर्ग ने वरिष्ठ नागरिकों को आंखों की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण चिकित्सकीय जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उम्र के साथ दृष्टि में होने वाले प्रत्येक बदलाव को सामान्य मानकर नजरअंदाज करना उचित नहीं है। नियमित नेत्र परीक्षण से आंखों की कई समस्याओं की समय रहते पहचान और उपचार संभव है।

डॉ. गर्ग ने बच्चों की आंखों और चश्मे को लेकर अभिभावकों में प्रचलित धारणा पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह मान लेना सही नहीं है कि बच्चे को एक बार चश्मा लगने के बाद उम्र बढ़ने के साथ उसका नंबर बढ़ना निश्चित है। बच्चों की आंखों की स्थिति की नियमित जांच और चिकित्सकीय सलाह जरूरी है।

कार्यक्रम में स्वर्ण जयंती सीनियर सिटीजन क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आंखों की देखभाल से जुड़े संदेशों को गीत, गजल और कविताओं के माध्यम से मनोरंजक एवं संदेशपरक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन वीरेंद्र कुमार बिंजोला और वरिष्ठ समाजसेवी विनोद कबटियाल ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की सफलता में सेंटर फॉर साइट के मार्केटिंग एवं सेल्स मैनेजर प्रकाश रावत की सक्रिय भूमिका भी रही। उन्होंने कार्यक्रम के समन्वय एवं आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार एवं शिक्षाविद प्रोफेसर प्रदीप कुमार वेदवाल, युवा भाजपा नेता सागर रावत,रूप सिंह रौथाण, । अश्वनी तलवार,पीताम्बर दत्त पोखरियाल, आजाद प्रसाद बंदूणी, मुकेश महाजन, सेन सिंह नेगी, कैलाश सिंह नेगी, सरदार चरणजीत सिंह चन्नी, हर्ष सिंह रावतसहित कई वरिष्ठ लोगों को शिक्षा,राजनीति,समाजसेवा सहित अन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सेंटर फॉर साइट के चिकित्सकीय दल एवं स्टाफ के सदस्यों के अलावा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, वरिष्ठ समाजसेवी और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों को आंखों के प्रति सजग रहने, नियमित जांच कराने और किसी भी प्रकार की दृष्टि संबंधी समस्या को नजरअंदाज न करने का संदेश दिया गया।

Leave a comment