रिपोर्ट दरवान सिंह रावत
एकेश्वर/पौड़ी गढ़वाल, 16 सितम्बर 2026:
उत्तराखंड सरकार द्वारा आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता (“मेरे सपनों का उत्तराखण्ड: एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण”) में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकास खण्ड एकेश्वर की दो होनहार छात्राओं का चयन हुआ है।
निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली चयनित छात्राएँ:
कुमारी साक्षी पोखरियाल (कक्षा 12, जनता इण्टर कॉलेज, कमलपुर, संगलाकोटी – सुपुत्री श्री सुमन पोखरियाल, ग्राम संगलाकोटी)
कुमारी दिव्या (कक्षा 12, राजकीय इण्टर कॉलेज, मैटाकुण्ड)
विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह:
आज दिनांक 16 सितम्बर 2026 को जनता इण्टर कॉलेज, कमलपुर (संगलाकोटी) में एक विशेष सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री संजय सिंह रावत द्वारा कक्षा 12 की मेधावी छात्रा कुमारी साक्षी पोखरियाल को प्रतीक चिह्न एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर स्टाफ उपस्थित रहा।
18 सितम्बर को देहरादून में मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित:
चयनित मेधावी छात्राओं को आगामी 18 सितम्बर 2026 को मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय संवाद एवं सम्मान समारोह में माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन हेतु आभार:
विकास खण्ड एकेश्वर में शत-प्रतिशत प्रतिभागिता सुनिश्चित करने तथा छात्र-छात्राओं को समय पर सही दिशा-निर्देशन देने हेतु खण्ड शिक्षा अधिकारी (एकेश्वर) डॉ. गुंजन अमरोही जी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। साथ ही दोनों विद्यालयों के मार्गदर्शक अध्यापकों एवं अध्यापिकाओं को छात्राओं की इस शानदार सफलता पर बधाई दी गई।

Leave a comment