बीरोंखाल (पौड़ी गढ़वाल)।
उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के युवा नेता और लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी पद के प्रबल दावेदार श्री मुकेश बिष्ट एवं उनकी टीम का बीरोंखाल ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम घोड़पल्ला मल्ला में पहुंचने पर स्थानीय जनता द्वारा ढोल-दमाऊ और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों और युवाओं में यूकेडी के प्रति भारी उत्साह देखने को मिला।
जिस प्रकार मुकेश बिष्ट लगातार लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव का दौरा कर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं, उसे देखकर राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पौड़ी संभाग की सभी 6 सीटों में से सबसे मजबूत और प्रबल जीत की संभावना लैंसडाउन सीट पर बनती नजर आ रही है।
‘जल, जंगल, जमीन’ की रक्षा का संकल्प
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मुकेश बिष्ट ने उत्तराखंड क्रांति दल की मूल विचारधारा को स्पष्ट रूप से जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा, “यूकेडी हमेशा से उत्तराखंड के ‘जल, जंगल और जमीन’ की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। आज हमारे गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और स्थानीय संसाधनों पर राज्य के लोगों का हक सुरक्षित करने की सख्त जरूरत है।”
बिष्ट ने बीरोंखाल क्षेत्र की उपेक्षा पर चिंता जताते हुए जनता को भरोसा दिलाया कि आगामी चुनाव में यदि क्षेत्र की सम्मानित जनता यूकेडी के विधायक को चुनकर विधानसभा भेजती है, तो बीरोंखाल क्षेत्र के गांवों की सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
जनता ने दिया जीत का भरोसा
कार्यक्रम में उपस्थित घोड़पल्ला मल्ला की जनता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुकेश बिष्ट की कार्यशैली और क्षेत्रीय विकास के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए उन्हें पूरा समर्थन देने का ऐलान किया। ग्रामीणों ने एक सुर में विश्वास दिलाया कि आगामी चुनाव में क्षेत्र की जनता उत्तराखंड क्रांति दल के साथ मजबूती से खड़ी है और मुकेश बिष्ट को भारी मतों से जिताकर विधानसभा भेजने का मन बना चुकी है।
इस अवसर पर लैंसडाउन विधानसभा की यूकेडी टीम के कई पदाधिकारी, स्थानीय मातृशक्ति, युवा और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a comment