Home दिल्‍ली एन सी आर खोड़ा में पानी, अस्पताल, स्कूल और स्थायी पते की मांग को लेकर जुलाई में होगा “चलो लखनऊ” अभियान
दिल्‍ली एन सी आर

खोड़ा में पानी, अस्पताल, स्कूल और स्थायी पते की मांग को लेकर जुलाई में होगा “चलो लखनऊ” अभियान

आज खोड़ा रेजिडेंट एसोसिएशन (KRA) की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता (के आर ए ) अध्यक्ष दीपक जोशी ने की। बैठक में क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं—पेयजल संकट, सरकारी अस्पताल, 12वीं तक के सरकारी विद्यालय, महिलाओं के लिए प्रसूति केंद्र, मकानों पर स्थायी पता व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं—को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए दीपक जोशी ने कहा कि खोड़ा की लगभग 12 लाख आबादी पिछले कई वर्षों से अपनी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, लेकिन हर बार जनता को केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका बनने के बाद क्षेत्र के विकास के नाम पर हजारों करोड़ रुपये का बजट आया, लेकिन आज भी क्षेत्र की स्थिति दयनीय बनी हुई है। न तो पर्याप्त पेयजल व्यवस्था है, न सरकारी अस्पताल, न गुणवत्तापूर्ण सरकारी स्कूल और न ही मकानों पर स्थायी पते की व्यवस्था सुनिश्चित हो पाई है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में 14 दिनों के आमरण अनशन के दौरान शासन-प्रशासन ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था। वर्ष 2024 में खोड़ा से लखनऊ तक निकाली गई साइकिल यात्रा को अमरोहा में रोक दिया गया और यह कहकर वापस भेज दिया गया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से सभी मांगों के समाधान का निर्देश प्राप्त हो गया है। वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री कार्यालय तक जाने के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम को भी प्रशासनिक दबाव बनाकर रोक दिया गया तथा संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के घरों पर दबिश देकर आंदोलन को बाधित करने का प्रयास किया गया। उस समय भी ज्ञापन लेकर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
दीपक जोशी ने कहा कि खोड़ा की जनता पिछले 20 वर्षों से चुनावों के समय विकास के नाम पर सड़कों की खुदाई और नए वादे देखती आ रही है, लेकिन धरातल पर कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। क्षेत्र में भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है, लोग हर वर्ष लाखों रुपये बोरिंग और पानी की व्यवस्था पर खर्च करने को मजबूर हैं, जबकि जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या के प्रति उदासीन बने हुए हैं।
उन्होंने घोषणा की कि जुलाई माह में “चलो लखनऊ” अभियान के तहत क्षेत्रवासियों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ जाएगा। जब तक मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं होगी और समस्याओं के समाधान का स्पष्ट रोडमैप नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
KRA के उपाध्यक्ष अमरचंद ठेकेदार ने कहा कि खोड़ा कॉलोनी के विकास को वर्षों से जानबूझकर नजरअंदाज किया गया है। जब पड़ोसी क्षेत्रों इंदिरापुरम, वैशाली, प्रताप विहार और विजय नगर में पानी सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं, तो खोड़ा को इन अधिकारों से वंचित रखना समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि खोड़ा को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया गया है।
संगठन के सचिव अमर सिंह रावत ने कहा कि “चलो लखनऊ” अभियान के समर्थन में पूरे क्षेत्र में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा तथा अधिक से अधिक क्षेत्रवासियों को इस आंदोलन से जोड़ा जाएगा।
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ सदस्य ललित मिश्रा ने कहा कि जनता का विश्वास अब लगातार टूट रहा है। यदि दो दशकों के लंबे कार्यकाल में क्षेत्र को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल सकीं, तो जनता बदलाव का मन बना चुकी है और आने वाले समय में अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करेगी।
बैठक में विकास जाटव, ललित रावत, उमेश सिंह, सतपाल, उमाशंकर यादव, शुभला सलूजा, केशव राम, नवीन, बुद्धि बल्लभ सती, श्याम सुंदर तिवारी, रणवीर सिंह सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

दिल्‍ली-उत्तराखंड मीडिया संगठन दिल्ली’ की पहली कार्यकारिणी का हुआ गठन।

नई दिल्ली, 28 जून: दिल्ली-एनसीआर में कार्यरत उत्तराखंड मूल के प्रवासी पत्रकारों...

गढ़वाल हितैषिणी सभा (पंजी.) द्वारा मेधावी छात्र सम्मान समारोह-2026

गढ़वाल हितैषिणी सभा (पंजी.) गढ़वाल भवन, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली चौक, पंचकुईयाँ...