गाजियाबाद-वैशाली सेक्टर-5 में आज हुआ भव्य ‘विराट हिन्दू सम्मेलन’
रिपोर्ट दरवान सिंह रावत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हुआ आयोजन
– उपस्थित श्रद्धालुओं को मिला जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी यतीन्द्र आनन्द गिरी जी महाराज और प्रेमेश्वर पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी सतीशाचार्य जी महाराज का सानिध्य
– श्रीमान आनन्द जी (प्रांत सह प्रचारक, मेरठ प्रांत, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) श्रीमान श्रीकांत जी (महानगर कार्यवाह, वैशाली महानगर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ने किया संबोधित

18 जनवरी, 2026, वैशाली, गाजियाबाद हिंदू समाज की एकता, बंधुत्व, एवं स्वाभिमान को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 18 जनवरी, 2026 (रविवार) को गाजियाबाद के वैशाली, सेक्टर-5 में ‘विराट हिन्दू सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में उपस्थित श्रद्धालुओं को श्री स्वामी यतीन्द्र आनन्द गिरी जी महाराज, महामंडलेश्वर, जूना अखाड़ा और अनंत श्री विभूषित जगदगुरु रामानंदाचार्य प्रेमेश्वर पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी सतीशाचार्य जी महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। उपस्थित जनों को श्रीमान आनन्द जी (प्रांत सह प्रचारक, मेरठ प्रांत, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) श्रीमान श्रीकांत जी (महानगर कार्यवाह, वैशाली महानगर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ने संबोधित किया।

इस अवसर पर, आरएसएस के वक्ताओं ने हिन्दू समाज से पांच संकल्पों को अपनाने का आह्वान किया: सामाजिक समरसता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व आधारित जीवन, और नागरिक कर्तव्यबोध। उन्होंने समाज के लोगों से भारतीय संस्कृति और संस्कारों को अपने जीवन में शामिल करने की अपील की और जातीय भेदभाव को समाप्त करके समाज में एकता स्थापित करने पर जोर दिया।

विराट हिंदू सम्मेलन के लिए आज सुबह साढ़े नौ बजे एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा स्थानीय कामना मंदिर परिसर से गाजेबाजे और सजी-धजी बग्घी के साथ शुरू हुई और वैशाली के विभिन्न मार्गों से होते हुए सम्मेलन स्थल पर पहुंची। गणेश वन्दना से शुरू हुए मुख्य आयोजन में बच्चों के कई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल थे। इसमें लव जिहाद पर एक लघु नाटिका भी शामिल थी। इस कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद के साथ-साथ समाज के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। विराट हिन्दू सम्मेलन का समापन समरसता भोज के साथ हुआ।





