रिपोर्ट दरवान सिंह रावत
थलीसैंण, पौड़ी गढ़वाल। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार-2026 की प्रदेश स्तरीय सूची में जनता इंटर कॉलेज धांधणखेत ने इंटरमीडिएट स्तर पर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर जनपद पौड़ी गढ़वाल का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है।
15 अक्टूबर 2026 को देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. बबीता धस्माना को ₹5 लाख की पुरस्कार राशि का चेक, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
प्रधानाचार्या के नेतृत्व में मिली सफलता
विकासखंड थलीसैंण स्थित जनता इंटर कॉलेज धांधणखेत की इस सफलता का श्रेय प्रधानाचार्या डॉ. बबीता धस्माना के कुशल नेतृत्व, शिक्षक-शिक्षिकाओं की मेहनत तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के समर्पण को दिया जा रहा है। विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षाफल ने एक बार फिर साबित किया है कि बेहतर मार्गदर्शन और सामूहिक प्रयासों से उल्लेखनीय शैक्षिक उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
अशासकीय विद्यालयों के संसाधनों पर उठे सवाल
इस अवसर पर वक्ताओं ने शासकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के बीच संसाधनों एवं नीतिगत सुविधाओं में समानता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक और विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रधानाचार्य परिषद ने दी बधाई
प्रधानाचार्य परिषद (अशासकीय माध्यमिक), जनपद पौड़ी के अध्यक्ष श्री संजय सिंह रावत ने विद्यालय परिवार को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानाचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों की सराहना करते हुए विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
माध्यमिक शिक्षक संघ ने जताया हर्ष
उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने भी प्रधानाचार्या डॉ. बबीता धस्माना और समस्त विद्यालय परिवार को बधाई दी। संघ के मंडल अध्यक्ष श्री संजय रावत, प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री अजय बिष्ट, प्रांतीय महामंत्री श्री महावीर सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष श्री भारत बिष्ट तथा जिला मंत्री श्री संदीप रावत ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय की निरंतर प्रगति की कामना की।
जनता इंटर कॉलेज धांधणखेत की यह उपलब्धि पूरे पौड़ी गढ़वाल जनपद के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र की शैक्षिक पहचान को नई ऊंचाई प्रदान की है।

Leave a comment