पहाड़ के जांबाज एसीपी संजय असवाल का कमाल, 11 मिनट में घायल विदेशी खिलाड़ी को पहुंचाया अस्पताल
रिपोर्ट जगमेाहन डांगी
पौड़ी। पहाड़ की मिट्टी में पले-बढ़े जांबाज एसीपी ट्रैफिक संजय असवाल ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से एक बार फिर मिसाल पेश की है। आईपीएल मैच के दौरान घायल विदेशी खिलाड़ी को महज 11 मिनट में अस्पताल पहुंचाकर उन्होंने मानवीय संवेदनशीलता और पेशेवर दक्षता का शानदार परिचय दिया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली और पंजाब के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच के दौरान दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी लुंगी एनगिडी के सिर पर गंभीर चोट लग गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आयोजकों ने तुरंत उन्हें राजेंद्र नगर स्थित बीएलके मैक्स हॉस्पिटल ले जाने का निर्णय लिया। घटना की सूचना मिलते ही सेंट्रल रेंज में तैनात एसीपी ट्रैफिक संजय असवाल ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम से समन्वय स्थापित किया।
एसीपी असवाल के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस टीम ने फौरन सक्रिय होते हुए एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। दिल्ली की व्यस्त सड़कों पर जहां आमतौर पर जाम की स्थिति रहती है, वहां ट्रैफिक को नियंत्रित कर एंबुलेंस को बिना किसी बाधा के तेजी से अस्पताल तक पहुंचाया गया। महज 11 मिनट में अस्पताल पहुंचने से खिलाड़ी को समय पर उपचार मिल सका।
मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के पट्टी मनियारस्यूं, ग्राम थापला निवासी संजय असवाल की प्रारंभिक शिक्षा राइका कांसखेत विद्यालय से हुई है। एक कुशल पुलिस अधिकारी होने के साथ-साथ वे रंगकर्मी भी हैं। उनके इस सराहनीय कार्य की सोशल मीडिया पर जमकर प्रशंसा हो रही है।
संजय असवाल के इस उत्कृष्ट कार्य ने न सिर्फ मानवता की मिसाल पेश की है, बल्कि पूरे जनपद पौड़ी गढ़वाल का नाम भी रोशन किया है। ऐसे जांबाज पुलिस अधिकारी को सलाम।





